इंदौर के आरटीओ में खत्म हुए कार्ड, नहीं मिल रहे ड्राइविंग लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन नंबर

इंदौर। जिले के परिवहन कार्यालय में आने वाले आवेदकों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। सालों बाद भी कार्ड की परेशानी को परिवहन विभाग खत्म नहीं कर पाया है, इसलिए आवेदकों को परेशान होना पड़ रहा है। पिछले 15 दिन से खाली कार्ड खत्म हो चुके है।
इस वजह से हजारों आवेदकों को रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग कार्ड नहीं मिल पा रहे है। परेशान आवेदक कार्ड के लिए चक्कर लगा रहे हैं। आठ हजार से अधिक आवेदकों को कार्ड का इंतजार है।
नायता मुंडला स्थित इंदौर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में प्रतिदिन 450 से अधिक नए लाइसेंस के आवेदन आते हैं। जबकि तीन हजार के करीब नए वाहन भी प्रतिदिन पंजीकृत होते हैं। पिछले 15 दिन से ड्राइविंग लाइसेंस के कार्ड खत्म हो चुके है, लेकिन इसके बाद भी अभी तक कार्ड नहीं आए है।
इसके चलते आवेदनों के निराकरण के बाद कार्ड प्रिंट होकर नहीं मिल पा रहे हैं।
परिवहन कार्यायल में रोजाना करीब ढ़ाई सौ आवेदन रिन्युअल के आते हैं। ऐसे में 15 दिन से कार्ड नहीं होने से रिन्युअल के आवेदकों को भी कार्ड नहीं मिल पा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि विगत दो साल से कार्ड का टोटा बना हुआ है। इस वजह से प्रिंटिंग पर पेंडेंसी लगातार बढ़ती जा रही है। हजार दो हजार कार्ड आने पर एक दिन में ही खत्म हो जाते है।
परिवहन अधिकारियों का कहना है कि कार्ड के लिए मुख्यालय को लिखा है। जल्द ही खाली कार्ड पहुंच जाएंगे और आवेदकों को कार्ड प्रिंट कर दिए जाएंगे।

 

Next Post

सुरक्षा इंतजामों के बीच सेन्ट्रल जेल मे मनाया रक्षाबंधन पर्व, बंदी भाइयों की कलाई पर बहनों ने बांधा रक्षासूत्र

भोपाल। जाने–अनजाने में हुई गलतियों के चलते कई लोग जेल में बंद है। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर जेल की मजबूत सलाखें भी बहन के अपने भाई के प्रति स्नेह को नहीं रोक पाईं। सोमवार को अनेक महिलाएं जेल में अपने भाई को राखी बांधने भोपाल सेंट्रल जेल पहुंचीं। […]