डिंडोरी। डिंडौरी। शुक्रवार की दोपहर जिले के समनापुर थानांतर्गत किकरझर घाट में नर्मदा परिक्रमावासियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार श्रद्धालुओं को चोट आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक परिक्रमावासी बस में सवार होकर अमरकंटक से समनापुर बिछिया होते हुए मंडला जिले के महाराजपुर जा रहे थे। दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास किकरझर घाट में सामने से आ रहे ट्रक चालक की लापरवाही के चलते बस अनियंत्रित होकर घाट से नीचे पलट गई।
हादसे में चतुरा बेन (63), रंजन बेन (76), बिमजी बेन (77) एवं अनिला बेन (59) को चोट आई है। घायल परिक्रमावासी गुजरात के मोरबी राजकोट के निवासी हैं। वही, बस में लगभग 35 परिक्रमासी सवार थे। समनापुर ग्राम पंचायत द्वारा परिक्रमवासियों के रुकने की व्यवस्था की गई है।

