जबलपुर। निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि और अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन-पुलिस ने एक बार फिर सोमवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
विजय नगर स्थित जॉय सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध विजय नगर थाने में एफआइआर दर्ज की है।
एफआइआर दर्ज करने के साथ ही जॉय एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष अखिलेश मेबिन और सचिव अनुराग श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दे कि स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन को आय-व्यय की जो जानकारी दी थी, उसमें भी हेरफेर सामने आई।
स्कूल विभाग द्वारा की गई जांच में कई चौकाने वाले तथ्य सामने आए। स्कूल ने करीब 15 हजार 600 बच्चों से 25 करोड़ 21 लाख रुपये की अवैध फीस वसूली की।
इतना ही नहीं प्रशासन और शिक्षा विभाग से स्वीकृति लिए बिना ही 10 फीसदी से ज्यादा फीस वसूली। स्कूल के अध्यक्ष से 25 करोड़ से ज्यादा की कमाई को स्कूल आय की बजाए अन्य स्त्रोत से आय दिखाकर धोखाधड़ी की।
इसके अलावा स्कूल के अध्यक्ष अखिलेश मेबिन ने करीब 30 लाख से ज्यादा प्रवेश फीस के अलावा राशि वसूली और इसे दान में दिखाया गया।
इससे पूर्व जिला प्रशासन और पुलिस ने जबलपुर के दस थानों में स्कूल के संचालक, सदस्य, प्राचार्य को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा पुस्तक विक्रेता और प्रकाशक भी गिरफ्तार किए गए थे। इन सभी को कमीशन के खेल से जुड़ा पया गया।
अभी तक जिन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने दस प्रतिशत से ज्यादा फीस में बढ़ोतरी कर अभिभावकों से वसूले। इसके अलावा विभिन्न मद में विद्यार्थियों से शुल्क लिया गया।
बता दे कि बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस ने जुटाया, जिसमें पैसों का लेनदेन हुआ है।
पुलिस कमीशन के पैसे को किस माध्यम से लिया गया यह भी पता लगा रही है।

