सीधी। जिले के अमिलिया थानांतर्गत ग्राम चमरौहा में एक निर्माणाधीन भवन के सामने लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात चमरौहा निवासी चिंतामणि विश्वकर्मा पिता हिम्मत विश्वकर्मा (40) की उन्ही के निर्माणाधीन भवन के बाहर लाश पड़ी मिली।
मृतक के परिजनों ने बताया कि चिंतामणि विश्वकर्मा अपने नये घर का निर्माण करवा रहे थे। बुधवार रात में निर्माणाधीन भवन में अन्य चार लोग भी मौजूद थे और सभी ने साथ में खाना खाया था। जिसके कुछ देर बाद चिंतामणि की लाश उसी निर्माणाधीन भवन के बाहर पड़ी मिली।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर चिंतामणि की हत्या कर दी गई है। परिजनों ने चिंतामणि के हत्या की जाँच की मांग की है।
सूचना मिलने पर अमिलिया पुलिस मौके पर पहुंच कर पंचनामा बना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिंहावल भिजवा दिया।
अमिलिया पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध लग रहा था, जिसके बाद जिला अस्पताल की टीम के द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।
वही, परिजनों ने पुलिस के ऊपर आरोप लगाया कि हत्या की जांच के बजाय हत्या को छुपाने का प्रयास किया जा रहा है।
अमिलिया थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय ने बताया कि चमरौहा निवासी चिंतामणि विश्वकर्मा पिता हिम्मत विश्वकर्मा (40) की उन्ही के निर्माणाधीन भवन के बाहर संदिग्ध अवस्था में लाश मिली। जिला अस्पताल सीधी के डॉक्टरो की टीम के द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम के रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

