ग्वालियर। शहर में संचलित एक कोरियर कंपनी में लूट की वारदात सामने आई है। कोरियर कंपनी के गोदाम और ऑफिस में घुसकर बदमाशों ने हथियारों के दम पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाश नकदी और कर्मचारी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
फिल्मी तरीके से हुई लूट की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस लुटेरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार घटना बहोड़ापुर थाना इलाके के आनंद नगर इलाके की है। यहां एक नामी कूरियर कंपनी का गोदाम और दफ्तर है। तड़के तीन बदमशा गोदाम में घुस गए और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पर तमंचे तान लिए। बदमाशों ने कर्मचारी के पास से 88 हजार रुपये लूट लिए और जाते- उसका मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए।
लूट की यह वारदात गोदाम और दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। आरोपियों के जाने के बाद कर्मचारी ने घटना की सूचना अधिकारियों और बहोड़ापुर थाना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
उप पुलिस अधीक्षक (हेड क्वार्टर) अशोक जादौन ने बताया कि अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही लुटेरों को गिफ्तार किया जाएगा।

