भोपाल। लोकायुक्त पुलिस ने स्कूल शिक्षा विभाग की एक महिलाकर्मी (लिपिक) को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी महिलाकर्मी बरखेड़ा में स्थित शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, संकुल केंद्र में वरिष्ठ लिपिक के तौर पर पदस्थ है। उस पर एक प्राथमिक शाला की सहायक शिक्षिका ने पेंशन संबंधी कागजी कार्रवाई करने के ऐवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।
इस पर लोकायुक्त पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया और जैसे ही फरियादी महिला ने स्कूल के कार्यालय पहुंचकर आरोपी महिलाकर्मी को रुपयों से भरा लिफाफा सौंपा, जिसके बाद लोकायुक्त टीम ने महिलाकर्मी को पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी महिलकर्मी से पूछताछ शुरू कर दी है।
लोकायुक्त के उप पुलिस अधीक्षक संजय शुक्ला ने बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला पिपलिया पेंदे खां में सहायक शिक्षिका लिओलिना इक्का ने 14 फरवरी को एक शिकायती आवेदन दिया था। उसमें उन्होंने बताया कि वह इसी साल अप्रैल में सेवानिवृत्त होने वाली हैं और उन्होंने अपनी पेंशन से संबंधित समस्त दस्तावेज विगत जनवरी में संकुल केंद्र शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ा की लेखा शाखा में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक रानी शर्मा के पास जमा कर दिए थे। उपरोक्त कार्य को करने के ऐवज में रानी शर्मा द्वारा उनसे पचास हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। बाद में उनके बीच पचीस हजार रुपये पर सहमति बनी और पंद्रह हजार रुपए पहले देने एवं बाकी रुपए काम होने के बाद देना तय हुआ।
शिकायत की तस्दीक करने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
फरियादी महिला ने जैसे संकुल केंद्र पहुंचकर आरोपी महिलाकर्मी को रुपयों से भरा लिफाफा दिया, जिसके बाद लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया।
लोकायुक्त उप अधीक्षक संजय शुक्ला के नेतृत्व में की गई कार्यवाही में निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक उमा कुशवाह, प्रधान आरक्षक राजेंद्र पावन, आरक्षक संदीप, अवध शामिल रहे।


