रीवा। विंध्य क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा क्योंकि इंदौर से पहली उड़ान सफलतापूर्वक रीवा एयरपोर्ट पर उतरी।
इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय खुद इस पहली उड़ान का हिस्सा बने। उनके साथ इंदौर के करीब 40 ऐसे यात्री भी थे, जिन्होंने अपने जीवन में पहली बार हवाई यात्रा की।
रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय ने इस उपलब्धि को विंध्य क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और विकास की एक बड़ी छलांग बताया।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक विमान का आगमन नहीं है, बल्कि यह रीवा के लिए “लक्ष्मी” लेकर आया है। इंदौर, जो मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी है, अब सीधे रीवा से जुड़ गया है, जिससे पूरे विंध्य क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा।
कैलाश विजयवर्गीय ने क्षेत्रीय नेता राजेंद्र शुक्ल और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें “जिद्दी नेता” बताया, जिन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से इस परियोजना को धरातल पर उतारा।
उन्होंने कहा कि विंध्य अब “टेक ऑफ” कर रहा है और हवाई सेवा शुरू होने से क्षेत्र की प्रगति की गति कई गुना बढ़ जाएगी।


