बुरहानपुर। जिले के शिकारपुरा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के नाम देवेंद्र प्रजापति(24) निवासी जैनाबाद, कन्हैया प्रजापति(28) एवं नीटू यादव (30) निवासी शिकारपुरा बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि दो दिन पहले किशोरी ने परिजन से चक्कर आने की शिकायत की थी। वे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो जांच में किशोरी पांच माह की गर्भवती निकली। जिसके बाद चिकित्सक ने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में किशोरी ने पुलिस को सारा घटनाक्रम बताया।
मंगलवार रात ही पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया था।
बुधवार सुबह आरोपियों के खिलाफ पाक्सो एक्ट, दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने किशोरी से दुष्कर्म की बात स्वीकार की है।
आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उनके पास चार पहिया वाहन क्रूजर है। इसी में बैठा कर वे किशोरी को जैनाबाद क्षेत्र के ईंट भट्ठों के पास ले जाते थे। वहां वाहन में ही बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म करते थे और वापस किशोरी को छोड़ देते थे। किशोरी गर्भवती नहीं होती तो अब भी इस दुष्कर्म का राज नहीं खुलता।


