सीधी। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में बेधडक होकर अवैध शराब का कारोबार जमकर किया जा रहा है। जिसकी शिकायतें कई बार आबकारी विभाग के आला अधिकारियों एवं पुलिस विभाग से भी की जा चुकी है। साथ ही मीडिया में भी अवैध शराब के कारोबार को लेकर खबरें सुर्खियां बनती हैं। फिर भी आबकारी विभाग व पुलिस विभाग की मिलीभगत से शराब ठेकेदार निरंकुश होते जा रहे हैं और अवैध शराब का कारोबार दिन प्रतिदिन चौगुनी रफ्तार से बढ़ता जा रहा है।
अवैध शराब का कारोबार गांव-गांव और होटलों, ढ़ाबों तक पहुंच चुका है। यहां अवैध शराब आसानी से मिल जाएगी, लेकिन आबकारी विभाग तथा पुलिस विभाग कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है।
जानकारों के अनुसार गांव-गांव शराब की पैकारी हो रही है। साथ ही आबकारी निरीक्षक एवं अमले को भी अवैध शराब के मामले में सूचना मिलती रहती है। फिर भी कोई कार्यवाही नहीं की जाती।
शराब ठेकेदार अपने गुर्गे के माध्यम से दो पहिया एवं चार पहिया वाहन से अवैध पैकारी शराब दुकान से करवाते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग जानकर भी अनजान बना हुआ है।
इसी तरह शराब की दुकानों में रेट सूची अधिकांश स्थानों में नहीं लगाई गई है। इसी का फायदा उठाकर दुकानों में भी शराब की मनमानी कीमत वसूली जाती है।


