मंडला। जिले के अति नक्सल प्रभावित ग्राम चीमाधुंदी में हुई अधेड़ की हत्या का खुलासा मोतीनाला पुलिस ने कर दिया है।
मोतीनाला पुलिस ने हत्या के आरोपी मंगल सिंह यादव को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
मोतीनाला थाने से मिली जानकारी के मुताबिक मोतीनाला थाना क्षेत्र के अति नक्सल प्रभावित ग्राम चीमाधुंदी निवासी चरन लाल के द्वारा डायल 100 पर सूचना दी गई कि 17 जुलाई 2024 को उसके पिता 55 वर्षीय गुदर सिंह अगरिया की किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही मोतीनाला थाना प्रभारी प्रदीप पाण्डेय तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जिसके बाद मोतीनाला पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जाँच में जुट गई।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (बिछिया) आसिफ इकबाल के मार्गदर्शन में तथा मोतीनाला थाना प्रभारी प्रदीप पाण्डेय के नेतृत्व में मोतीनाला पुलिस मामले की छानबीन कर सघनता से आरोपी की तलाश में जुट गई।
विवेचना के दौरान मोतीनाला पुलिस को पता चला कि मृतक गुदर सिंह अगरिया की जमीन खेती की बात को लेकर पड़ोसी मंगल सिंह यादव से विवाद हुआ था। साथ ही वारदात के बाद से मंगल सिंह यादव फरार था।
शक के आधार पर मोतीनाला पुलिस ने मंगल सिंह यादव की तलाश पतासाजी जुट गई। साथ ही पुलिस ने अपना मुखबिर तंत्र को मजबूत किया।
इसी दौरान मुखबिर तंत्र से मोतीनाला पुलिस को मंगल सिंह यादव के बारे सूचना मिली।
सूचना के बाद मोतीनाला थाना प्रभारी प्रदीप पाण्डेय ने टीम गठित कर घेराबंदी करके मंगल सिंह यादव को अभिरक्षा में लिया।
मोतीनाला थाने में लाकर संदेही मंगल सिंह यादव से सघनता से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मोतीनाला थाना प्रभारी प्रदीप पाण्डेय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मंगल सिंह यादव ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पडोसी गुदर सिंह के साथ जमीन का विवाद 20-25 दिन पहले से चल रहा था। इसी बात को लेकर वह 17 जुलाई 2024 की शाम तक़रीबन पांच बजे मौका देखकर धारदार लोहे का फरसा लेकर गुदर सिंह के घर में पहुंचा, उस वक़्त गुदर सिंह पंलग पर सो रहा था, इसी दौरान उसने गुदर सिंह के गले में फरसे से वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फरसे को जब्त कर आरोपी मंगल सिंह यादव को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
मोतीनाला थाना प्रभारी प्रदीप पाण्डेय के नेतृत्व में की गई कार्यवाही में उपनिरिक्षक मनोज मांगरे, सहा. उपनिरिक्षक टीकाराम भोयर, प्रधान आरक्षक सलगुराम घावड़े, आरक्षक मुकेश लिल्हारे, शैलेष नेवारे, सागर परते, पलाश पटेल, राहुल कुमार, आनंद गौतम, समीर मर्सकोले, महेश उइके, राहुल पटले, पवन कुमार उइके एवं मयंक धुर्वे का सराहनीय योगदान रहा।


