दो युवकों की निर्मम हत्या, भड़का जनआक्रोश, वाहनों व शराब दुकान में आगजनी

DR. SUMIT SENDRAM

सिवनी। जिले के केवलारी तहसील मुख्यालय में शुक्रवार देर रात दो युवकों की हत्या कर दी गई। जिसके बाद शनिवार सुबह स्थिति बेहद तनावपूर्ण बन गई।
शनिवार सुबह केवलारी मुख्यालय में आक्रोशित भीड़ ने चांदनी चौक में चक्काजाम कर केवलारी थाना परिसर का घेराव कर दिया। इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने सड़क में कई जगह टायर जलाए और केवलारी की शराब दुकान में भी आग लगा दी। इस आगजनी की चपेट में कुछ वाहनों के भी आने की बात कही जा रही है।
युवकों की निर्मम हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोगों का कहना है कि केवलारी थाना प्रभारी ब्रजेश उइके को हटाया जाए और हत्या के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
शनिवार की सुबह आक्रोशित लोगों को काबू में करने पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केवलारी की स्थिति पूरी तरह पुलिस के नियंत्रण में है। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनको सांत्वना दी जा रही है और मामले में कठोर कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया जा रहा है।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए केवलारी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लोगों में आक्रोश को देखते हुए व्यापारियों के सुबह से ही अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा।
जानकारी के मुताबिक केवलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात ग्राम परासपानी निवासी अमन बघेल (20) एवं रूपक उर्फ रूपेश बघेल (25) पर अज्ञात कारणों से धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को केवलारी अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया गया। जहां दोनों की मौत हो गई।
युवकों की हत्या की खबर केवलारी क्षेत्र में फैलने के बाद पीड़ित परिवार व ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों की नाराजगी के चलते अमन बघेल का पोस्टमार्टम तो केवलारी में हुआ, जबकि रूपक उर्फ रूपेश बघेल का पीएम सिवनी में कराना पड़ा।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता ने बताया कि केवलारी की स्थिति पूरी तरह पुलिस के नियंत्रण में है। आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों द्वारा हत्या के आरोपियों को तत्काल पकड़ने और केवलारी थाना प्रभारी को हटाने की मांग की जा रही है। प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

Next Post

नौकरी का झांसा देकर पंचायत विभाग के सहायक यंत्री ने महिला से किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जबलपुर। डिंडोरी जिले के जनपद पंचायत समनापुर में पदस्थ सहा. यंत्री  के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। जिसके बाद रविवार दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी सहा. यंत्री ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म […]