शाजापुर। कलेक्ट्रेट में हर मंगलावर होने वाली जनसुनवाई में पहुंचे पूरे परिवार ने आत्मदाह का प्रयास किया। कार्यालय के बाहर ही पूरे परिवार ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया, यहां तक की महिला ने साथ लिए बच्चे पर भी पेट्रोल डाल दिया। इससे पहले की वो आगे कुछ कर पाते, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने सभी को पकड़ लिया और काफी समझाईश के बाद उन्हें मनाया गया।
बता दे कि हर मंगलवार की तरह कलेक्ट्रेड कार्यालय में जनसुनवाई चल रही थी। कलेक्टर ऋजु बाफना लोगों की शिकायते सुन रहे थे, इसी दौरान कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंची महिला सोनाबाई और उसके परिजनों ने बोतल में लिया पेट्रोल खुद पर डाल लिया।
महिला के साथ एक और शख्स, दो युवक और एक बच्चा भी था, उस पर भी पेट्रोल उड़ेल दिया।
इस दौरान कार्यालय के बाहर अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया। अधिकारियों की समझाईश के बाद मामला शांत हो पाया।
डिप्टी कलेक्टर राजकुमार हलधर ने बताया कि पेट्रोल डालने वाली महिला सोनाबाई स्व सहायता समूह की अध्यक्ष थी। समूह में आपसी विवाद के बाद महिला को पद से पृथक कर दिया गया था। समूह द्वारा राशन दुकान संचालित की जाती है। राशन दुकान का आवंटन रद्द होने की आशंका को लेकर पूरे परिवार ने आत्मदाह का प्रयास किया। उन्होंने आगे बताया कि संदेह के चलते परिवार ने ये प्रयास किया, लेकिन राशन दुकान का आवंटन रद्द नहीं हुआ है। सभी सुरक्षित हैं और सभी को सकुशल घर भी पहुंचा दिया गया है। उनके साथ अब ऐसी कोई समस्या नहीं है।

