भोपाल। पूरे मध्य प्रदेश में मौसम का दो रंग देखने को मिल रहा है। दिन में तेज गर्मी तो वहीं सुबह और रात में हल्की ठंड पड़ रही है। जिसके चलते सर्दी-जुकाम और एलर्जी के मरीज बढ़ रहे है।
गौरतलब है कि प्रदेश में मार्च में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। कई शहरों में पारा 39 डिग्री के पार पहुंच गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक हवा की दिशा बदलने से प्रदेश में गर्मी बढ़ी है।
बात करें सबसे ज्यादा तापमान की तो रतलाम सबसे गर्म रहा, जहां पारा 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, प्रदेश के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिन के अंदर अधिकतम तापमान 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं, 15 मार्च के बाद मौसम में बदला देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग का मानना है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से पूर्वी-दक्षिणी हिस्से में हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रह सकते हैं।
मार्च के महीने में दिन में गर्मी पड़ रही है तो सुबह और रात में हल्की ठंड रहती है। जिससे सर्दी-जुकाम और एलर्जी के मरीज बढ़ रहे है। लोग दिन की गर्मी से बचने के लिए हल्के कपड़े पहन लेते हैं। साथ ही कोल्डड्रिंक समेत शीतल पेय पदार्थों का भी सेवन करते हैं। जिससे बीमारी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश में बढ़ते तापमान को देखते हुए दोपहर 12 से 3 बजे तक तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है। जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें। हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते से पहले मुंह को कपड़े से ढंक लें। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाईड्रेट रखें। वहीं सुबह और देर रात ठंडी हवा से बचना जरूरी है।


