इंदौर। जिले में शराब दुकानों के नवीनीकरण की प्रक्रिया में आबकारी विभाग जुट गया है।
आबकारी विभाग ने वर्तमान मूल्य से 15 प्रतिशत अधिक राशि चुकाकर दुकानों के नवीनीकरण की प्रक्रिया प्रारम्भ की हैं।
इसके अनुसार जिले के 64 समूह पर नवीनीकरण के आवेदन लिए गए थे। आवेदन रहित शेष 21 एकल समूहों लाटरी आवेदन पत्र बुलाए गए हैं। 22 फरवरी तक आवेदन जमा करने होंगे।
जिले की फुटकर कम्पोजिट शराब दुकानों, समूहों का एक अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक की अवधि के लिए निष्पादन किया जाना है। इसके लिए 64 समूहों पर नवीनीकरण आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। इसमें से 21 शराब एकल समूहों पर आवेदन प्राप्त नहीं हुए। इन समूहों पर लाटरी आवेदन पत्र बुलाए गए हैं। इसके लिए ऑफलाइन एवं एनआईसी के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
सहा. आयुक्त (आबकारी) मनीष खरे ने बताया कि नवीनीकरण के आवेदन पत्र रहित मदिरा दुकानों के एकल समूहों पर इच्छुक पात्र आवेदकों द्वारा जिला कार्यालय इंदौर से ऑफलाइन और पोर्टल से ऑनलाइन लाटरी आवेदन किए जा सकते हैं। 22 फरवरी की शाम 5.30 बजे तक आवेदन क्रय किए जा सकेंगे, जबकि 22 फरवरी की शाम 6 बजे तक आवेदन जमा होंगे। अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
सभी प्राप्त आवेदन पत्रों का जिला समिति द्वारा 23 फरवरी को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। लाटरी आवेदन पत्र का मूल्य प्रति समूह 30 हजार रुपये होगा। लाटरी आवेदन के लिए भुगतान की गई राशि मूल्य निष्पादन की प्रक्रिया में भाग न लेने अथवा निष्पादन की प्रक्रिया में असफल रहने की स्थिति में भी वापसी योग्य नहीं होगी।


