सीधी। जिले के जनपद क्षेत्र मझौली अंतर्गत ग्राम ठोंगा में एक ही परिवार के नौ लोग कोदौ की रोटी खाने से बीमार हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली लाया गया। जहां स्थिति सामान्य ना होने पर जिला चिकित्सालय सीधी के लिए रेफर कर दिया गया है जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 16 मार्च शनिवार को रात लगभग 12:00 बजे नौ लोगों को बेहोशी हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली लाया गया जहां 2 घंटे तक उपचार के बावजूद किसी मरीज में कोई सुधार नहीं हुआ तब सभी को जिला चिकित्सालय सीधी के लिए रेफर किया गया।
सूत्रों के मुताबिक चिंतामणि पनिका पिता राम दत्त पनिका(51) निवासी ठोंगा जिसे शुगर की बीमारी है। यही वजह है कि गेहूं के साथ कोदौ मिलाकर चक्की से पिसाई कराया गया और उसी आटा की रोटी 16 मार्च को रात में बनाई गई, जिसे चिंतामणि सहित उसके परिवार के एवं लोग बारी-बारी से भोजन किया और खाना खाने के 1 घंटे बाद क्रमशः उल्टी होने लगी और शरीर में कंपन आने लगा साथ ही बेहोशी भी आने लगी।
हालत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली लाया गया जहां डॉक्टर के द्वारा 2 घंटे तक उपचार किया गया लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण सभी मरीजों को जिला चिकित्सालय सीधी के लिए रेफर कर दिया गया, जहां पर सभी का इलाज जारी है।
परिजनों द्वारा बताया गया कि अब स्थिति में सुधार हो रहा है।
बीमार लोगों में नीरज पनिका पिता चिंतामणि पनिका(30), चिंतामणि पिता रामदत्त(51), शंभू नाथ पिता विश्वेश्वर पनिका(65), मुन्नी बाई पति चिंतामणि पनिका(48), शांति पति देशपति पनिका(42), मुन्नू पिता रामनाथ पनिका(32), संगीता पति अजय पनिका(30), सुजाता पिता चिंतामणि पनिका(34), पंचवती पति राम नाथ पनिका(50) सभी निवासी ग्राम ठोंगा के बताए गए हैं।


