बहन पर बुरी नजर डालने वाले से दोस्ती करके उतारा मौत के घाट

जबलपुर। जिले के कटंंगी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के पीछे उसके गांव का एक अन्य युवक था, जिसने हत्या के लिए दोस्ती करके धोखे से युवक को मौत के घाट उतार दिया और आठ दिन तक खोजबीन का नाटक करता रहा।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल की मदद से आरोपी की पहचान कर ली।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने जुर्म भी कबूल कर लिया।
कटंंगी पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक ने बताया कि बहन पर बुरी नजर रखने की वजह से ही उसने हत्या को अंजाम दिया।
बता दे कि कटंगी के थूहा पड़रिया गांव में 9 अक्टूबर को तालाब में अरूण लोधी (20) का शव मिला था। अरूण पिछले एक अक्टूबर से लापता था।
कटंगी पुलिस ने इस मामले में आनंद सिंह (19) को गिरफ्तार किया है। आनंद और अरूण दोस्त थे।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि अरूण लोधी उसकी बहन पर बुरी नजर रखता था। यह बात उसे पता लगी तो वह इसका बदला लेने के इरादे से अरूण लोधी से दोस्ती कर ली। वह उसके साथ घुल मिल गया।
एक अक्टूबर को फ्री फायर गेम खेलने के बहाने आनंद ने अरूण को बुलाया। करीब आधा घंटा गेम खेलने के बाद तीन दोस्त आनंद, अरुण और राघवेंद्र रोज की तरह गांव के चबूतरे पर बैठे थे। आधा घंटा फ्री फायर गेम खेला। इसके बाद तीनों गांव में घूमने निकल गए। रात 9.30 बजे तीनों उसी चबूतरे पर लौटे, जिसके बाद राघवेंद्र और अरुण घर चले गए। जबकि, आनंद ने जबलपुर निवासी अपनी गर्लफ्रेंड से फोन पर कुछ देर बात की। फिर अरुण को फोन किया। कहा- एक बार और फ्री फायर गेम खेल लेते हैं। तब तक रात के 10 बजे चुके थे। गेम खेलने के बाद दोनों टहलते हुए तालाब के पास पहुंचे। आसपास घना अंधेरा था। इसका फायदा उठाते हुए आनंद ने अचानक अरुण के सिर पर लोहे का पाना मार दिया। यह पाना आनंद ने पहले ही अपने पास रखा था। हमले के बाद उसे तालाब में धक्का दे दिया।
घटना के दूसरे दिन अरूण के परिजनो ने कटंगी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई। आनंद भी परिजनो के साथ अपने दोस्त की तलाश में जुटा रहा। आठ दिन बाद 9 अक्टूबर को तालाब में अरूण का शव मिला।
पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि अरूण के गायब होने के बाद से उसका माेबाइल भी बंद है। पुलिस ने लोकेशन और कॉल डिटेल निकलवाई। जिसमें आनंद और अरूण के बीच बातचीत होना पाया गया।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आनंद ने बताया कि उसकी छोटी बहन पर अरूण की नजर थी वह उसके आने-जाने पर पीछा किया करता था। इस बात से नाराज होकर आनंद ने अरूण को ठिकाने लगाने का मन बना लिया था।

 

Next Post

फ्लैट के बैडरूम में माँ बेटी की हत्या, दोहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्र में फैली सनसनी

ग्वालियर। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के भल्ला गार्डन स्थित होम सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट में रहने वाले माँ बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों के शव मंगलवार की सुबह 11 बजे फ्लैट के बेडरूम में मिले। बेडरूम का समान फैला हुआ है। प्रथम दृष्टिया पुलिस गला घोंटकर या फिर तकिये […]