इंदौर। त्योहार पर उपभोक्ताओं को सही वजन में सामग्री मिले, इसे लेकर नापतौल विभाग ने दीपावली से पहले शहर में जांच अभियान छेड़ दिया है।
नाप तौल विभाग ने मिठाई, ड्रायफूट्स, किराना व डेरीयों पर जाकर जांच की।
इस दौरान मिठाई के साथ डिब्बे का वजन तौलने पर तीन दुकानों पर कार्रवाई की। वहीं, ड्रायफूट्स के पैकेट पर घोषणा अंकित नहीं होने पर भी प्रकरण बनाए गए।
नापतौल विभाग की अलग-अलग टीमों ने जांच अभियान चलाया। राऊ स्थित संगम रेस्टोरेंट पर ग्राहक को डिब्बे के वजन के साथ मिठाई दी जा रही थी। इसी तरह टिगरिया बादशाह स्थित शिव सागर स्वीट्स, सदर बाजार में राधा-कृष्ण स्वीट्स पर भी मिठाई के साथ डिब्बे का वजन करने पर प्रकरण बनाए गए।
नापतौल की नियंत्रक रंजना पाटने ने बताया कि अरिहंत ट्रेडिंग मल्हारगंज में ड्रायफूड्स के पैकेट पर घोषणा अंकित नहीं थी, इसलिए प्रकरण बनाया गया। इसी तरह लवीश फूड सुदामा नगर, हरिओम ट्रेडर्स अन्नपूर्णा रोड पर भी पैकेट पर घोषणा अंकित नहीं होने पर कार्रवाई की गई।

