सागर। रविवार देर रात एक गत्ता (पुट्ठा) फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय दमकल गाड़ियां इसे काबू करने में नाकाफी साबित हुईं। हालात को देखते हुए भारतीय सेना के फायर फाइटर्स को बुलाना पड़ा। करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत और 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियों की मदद से आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के मुताबिक जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र के चनाटोरिया क्षेत्र में स्थित गत्ता बनाने वाली फैक्ट्री में रविवार रात करीब 2:30 बजे अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। तेज लपटों को देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
आग की सूचना मिलते ही मकरोनिया नगर पालिका, सागर नगर निगम, कर्रापुर और शाहपुर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
कई घंटों तक आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग लगातार फैलती रही।
इसके बाद सेना को सूचना दी गई।
सेना की फायर फाइटर टीम मौके पर पहुंची और नगर निगम की टीमों के साथ मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 7 घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पुलिस ने घटना का पंचनामा तैयार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि फैक्ट्री में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है।
इस आग से फैक्ट्री संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान का सही आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।


