“अभिमन्यु अभियान” के तहत सीएम राइज स्कूल शहपुरा के छात्र-छात्राओं को दी गई आवश्यक जानकारी

डिंडोरी। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में महिलाओं और बालिकाओं के साथ लगातार हो रहे अपराधों व घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं को रोकने एवं महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से “अभिमन्यु अभियान” प्रारम्भ किया गया है।
प्रदेश भर में गुरुवार 3 अक्टूबर से प्रारम्भ हुआ “अभिमन्यु अभियान” 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत प्रदेश के डिण्डौरी जिले में भी कई कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं।
डिण्डौरी जिले की शहपुरा पुलिस द्वारा सीएम राइज स्कूल शहपुरा में शहपुरा थाना की सहा. उपनिरीक्षक रूक्मणी पासी, सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य यशवंत साहू , शिक्षकों एवं छात्राओं के साथ मिलकर इस अभियान की शुरुआत की गई।
“अभिमन्यु अभियान” के तहत बच्चों को इस अभियान की जानकारी दी गई और उन्हें जागरूक किया गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशा न करने, दहेज प्रथा का विरोध करने, भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, समाज में लिंग भेद के प्रति जागरूकता लाने, रूढ़िवादिता को मिटाने जैसी सामाजिक बुराइयों के बारे में बताया गया।
बता दें कि अभिमन्यु अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना है। महिलाओं के खिलाफ अपराध अक्सर नशे की लत, दहेज प्रथा और पुरानी रूढ़िवादिता जैसी खतरनाक प्रथाओं के चलते होते हैं, जो सामूहिक रूप से हिंसा और उत्पीड़न को भी बढ़ावा देते हैं। इसलिए यह पहल अभद्रता, असंवेदनशीलता और लिंग भेदभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी ध्यान खींचने का काम करती है। वहीं, बालिका भ्रूण हत्या, अशिक्षा और महिलाओं को समाज में उनके उचित स्थान से वंचित करना हमारी प्रगति के लिए खतरा माना जाता है। ये प्रथाएँ जनमानस को नुकसान पहुंचाने के साथ ही हमारे समाज के नैतिक ताने-बाने को भी तोड़ती हैं। इसीलिए “अभिमन्यु अभियान” के जरिये इन गहरी जड़ों वाली बुराइयों को समाप्त कर एक ऐसे समाज को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है, जहाँ महिलाओं के साथ सम्मान और समानता का व्यवहार किया जाए।

 

Next Post

मध्‍य प्रदेश की सबसे ऊंची महाकाली विराजी बरेला के बम्हनी में, दर्शन करने वाले भक्तों को स्वयं दिव्यता की होंगी अनुभूति

जबलपुर। जिले में इस बार बम्हनी (बरेला) की काली माता 51 फीट की हैं, जिन्हें प्रदेश की सबसे ऊंची काली प्रतिमा माना जा रहा है। समिति द्वारा माता की स्थापना के लिए बांसों का बड़ा ढांचा तैयार करने के बाद झांकी सजाने में जुटेगी। मूर्तिकाल ने सृजन में जितना श्रम […]