नकली सांची घी फैक्ट्री में प्रशासन ने दी दबिश, 792 किग्रा नकली घी सहित सांची कंपनी का फर्जी रैपर बरामद

DR. SUMIT SENDRAM

सीहोर। जिले के आष्टा क्षेत्र के जावर तहसील अंतर्गत ग्राम डोडी में प्रशासन ने नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री में छापमारी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
सोमवार शाम तहसीलदार ओमप्रकाश चोरमा के नेतृत्व में हुई छापामारी कार्रवाई के दौरान एक किराए के मकान से 792 किलो नकली घी, सांची कंपनी के फर्जी रैपर, पैकिंग सामग्री और वनस्पति घी के टीन बड़ी मात्रा में जब्त किए गए।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
एसडीएम नितिन टाले ने बताया कि यह अवैध कारोबार डोडी निवासी मानसिंह सेंधव के मकान में संचालित हो रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कल्याणपुरा निवासी गौरव वर्मा यहां नकली घी तैयार कर उसे सांची ब्रांड के नाम से बाजार में बेच रहा था।
प्रशासन की टीम के पहुंचते ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
छापे के दौरान मौके से भारी मात्रा में सांची कंपनी के रैपर और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से इस गोरखधंधे में लिप्त था और संगठित तरीके से नकली उत्पाद बाजार में खपा रहा था। अब जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि असली जैसे दिखने वाले रैपर और पैकिंग सामग्री आरोपी तक कैसे पहुंची और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
प्रशासन ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। खाद्य विभाग की टीम भी सैंपल जांच की तैयारी में है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नकली घी में किन पदार्थों का इस्तेमाल किया गया था।
एसडीएम नितिन टाले के मुताबिक दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

Next Post

त्रिवेणी संगम के घाट से मिट्टी हटवाने माँ नर्मदा सार्वजनिक महाआरती सेवा समिति ने सौपा ज्ञापन

मण्डला। शहर का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र त्रिवेणी संगम, महाराजपुर इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है, इसी समस्या को लेकर संगम घाट में से मिट्टी को हटवाने के लिए माँ नर्मदा सार्वजनिक महाआरती सेवा समिति महाराजपुर के सदस्यों ने कलेक्टर को जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपा। […]