जबलपुर। देशभर में आज रंगों का महापर्व होली बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
इसी कड़ी में संस्कारधानी जबलपुर में भी होली की धूम देखने को मिली।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद आशीष दुबे ने क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान आशीष दुबे ने कहा कि होली केवल रंगों का त्यौहार नहीं है, बल्कि यह आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाने और भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है।
उन्होंने कहा कि आज के दिन कोई राजनीतिक भेदभाव नहीं होता, हम सभी पहले भारतीय हैं और इसी भावना के साथ मिलकर त्यौहार मनाते हैं।
जबलपुर की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र
आशीष दुबे ने जबलपुर की तारीफ करते हुए कहा
”जबलपुर केवल संस्कारधानी ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धानी भी है। यहाँ हर त्यौहार को बड़ी शिद्दत और उमंग के साथ मनाया जाता है। शहर में जो उत्साह का माहौल है, वह हमारी समृद्ध परंपराओं को दर्शाता है।”
आशीष दुबे ने अपने संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश और देशवासियों को होली की बधाई दी।
उन्होंने पत्रकार मित्रों का आभार व्यक्त किया जिनके माध्यम से उत्सव का संदेश जन-जन तक पहुँचता है।
उन्होंने जोर दिया कि आज के दिन “समरस होकर” त्यौहार मनाना ही होली की असली सार्थकता है।


