भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा और साक्षात्कार (पर्सनैलिटी टेस्ट) के आधार पर अंतिम परिणाम जारी कर दिया है, जिसमे राजधानी भोपाल के ईशान भटनागर ने देशभर में पांचवीं रैंक हासिल की है।
बता दें कि इस परीक्षा में उम्मीदवारों ने अगस्त 2025 में लिखित परीक्षा और फरवरी 2026 में पर्सनैलिटी टेस्ट में हिस्सा लिया था।
शुक्रवार को संघ लोक सेवा आयोग का परिणाम जारी कर दिया है।
ईशान भटनागर मध्य प्रदेश से सफल होने वाले अभ्यार्थियों में शीर्ष पर हैं।
गौरतलब है कि ईशान नागपुर में इंडियन रेवेन्यू सर्विस की ट्रेनिंग कर रहे हैं। ईशान भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) में नवनियुक्त अधिकारी बने हैं। ईशान ने अपने बायो में भी लिखा है कि बेहतर भविष्य के निर्माण हेतु शासन संबंधी समाधानों को लागू करने में रुचि रखता हूं।
ईशान ने दिल्ली के नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से बीएएलएलबी की शिक्षा ग्रहण की है।
ईशान ने स्कूली शिक्षा डीपीएस भोपाल से पूरी की है।
ईशान की मां विनीता भटनागर आरजीपीवी में प्रोफेसर हैं, जबकि पिता शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
ईशान की माता प्रो. विनीता भटनागर ने बताया कि वे रिजल्ट वाले दिन बेटे से मिलने नागपुर पहुंची थीं।
उन्होंने बताया कि परिणाम उम्मीद से कई गुना बेहतर आया और परिवार ने इस खुशी को मिलकर सेलिब्रेट किया।
उन्होंने कहा कि भोपाल से उनका गहरा जुड़ाव है और यह उपलब्धि पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है।


