महाकाल मंदिर के बाहर पिता ने बेटी को मारा चाकू, घायल बेटी बोली कि 5 लाख में बेचने की पिता कर रहा था बात, 16 साल पहले छोड़ कर गया

उज्जैन। शुक्रवार सुबह महाकाल मंदिर के बाहर युवती पर उसके ही पिता ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को लोगों की मदद से चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
घायल युवती की पहचान वर्षा पारदी (18) के रूप में हुई है। वह महेश्वर जेल रोड क्षेत्र की रहने वाली है और वर्तमान में कार्तिक मेला ग्राउंड क्षेत्र में अपनी मां के साथ रहती है।
घायल युवती ने बताया कि वह रोज की तरह महाकाल मंदिर के सामने माला बेच रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार सुबह महाकाल घाटी क्षेत्र में युवती की मां और उसके पिता के परिवार के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने हो गए।
इस दौरान आरोपी पिता वर्षना वहां पहुंचा और गुस्से में आकर युवती की पीठ और जांघ पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।
हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल वर्षा को उज्जैन के चरक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार आरोपी पिता करीब 16 साल पहले परिवार को छोड़कर चला गया था और उसने दूसरी शादी कर ली थी।
युवती की मां माना बाई का कहना है कि उन्होंने ही बेटी का पालन-पोषण किया है।
माना बाई ने आरोप लगाया कि आरोपी पिता अचानक आया और बेटी की शादी कराने की बात करने लगा।
उनका कहना है कि वह रुपए के लालच में बेटी की शादी कराना चाहता था और इसके लिए करीब 5 लाख रुपए लेने की बात कर रहा था।
घायल वर्षा ने बताया कि उसके पिता एक रिश्तेदार के साथ आए थे और कह रहे थे कि उसकी शादी नहीं करेंगे बल्कि उसे 5 लाख रुपए में बेच देंगे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर उन्होंने चाकू से हमला कर दिया।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पुलिस टीम अस्पताल पहुंची है। युवती के बयान लिए जाएंगे और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

 

Next Post

बोरे में मिलीं 400 साल पुरानी मूर्तियां, अष्टधातु से निर्मित 5 प्रतिमाएं मिलने से क्षेत्र में चर्चा व्याप्त

टीकमगढ़। जिले के ओरछा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागन गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब सुबह ग्रामीणों को गांव के पास स्थित एक मंदिर के बाहर एक बोरा रखा मिला। उत्सुकतावश जब ग्रामीणों ने बोरा खोलकर देखा तो उसमें भगवान की पांच प्रतिमाएं रखी हुई थीं। प्रतिमाएं देखकर ग्रामीण […]