टीकमगढ़। जिले के ओरछा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागन गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब सुबह ग्रामीणों को गांव के पास स्थित एक मंदिर के बाहर एक बोरा रखा मिला। उत्सुकतावश जब ग्रामीणों ने बोरा खोलकर देखा तो उसमें भगवान की पांच प्रतिमाएं रखी हुई थीं।
प्रतिमाएं देखकर ग्रामीण अचंभित रह गए और देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव और आसपास के इलाके में आग की तरह फैल गई।
ग्रामीणों के अनुसार बोरे में कुल पांच मूर्तियां थीं। इनमें एक प्रतिमा भगवान गणेश की बताई जा रही है, जबकि अन्य चार प्रतिमाएं अलग-अलग देवी-देवताओं की हैं। प्रतिमाओं को ध्यान से देखने पर कुछ मूर्तियों के सिर पर आरी जैसे किसी धारदार औजार से काटे जाने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने सामूहिक निर्णय लेते हुए सभी प्रतिमाओं को गांव के पास पहाड़ी के नीचे स्थित दांत देवी मंदिर में सुरक्षित रख दिया, जहां उनकी पूजा-अर्चना की जा रही है।
बता दें कि यह सभी मूर्तियां आज से करीब 3 माह पहले मिली थी, जो मंदिर में रखी हुई हैं।
वहीं, गांव में इन मूर्तियों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कुछ ग्रामीणों का दावा है कि ये प्रतिमाएं गांव के पास किसी स्थान पर खुदाई के दौरान मिली थीं।
बताया जा रहा है कि खुदाई करने वाले व्यक्ति के परिवार में अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे वह भयभीत हो गया और रात के समय इन प्रतिमाओं को बोरे में भरकर मंदिर के पास रख गया। हालांकि इस बात की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मूर्तियां मिलने के बाद इसकी सूचना ओरछा पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने फिलहाल उन्हें सुरक्षित रखने की सलाह दी है।
मूर्तिकला के जानकारों का कहना है कि तस्वीरों के आधार पर ये प्रतिमाएं अष्टधातु की प्रतीत होती हैं और संभवतः करीब 400 साल पुरानी हो सकती हैं।


