सिंगरौली। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपनी सेहत का दोगुना ख्याल रखने की जरूरत होती है, क्योंकि इस दौरान उनकी अच्छी और बुरी सेहत का असर गर्भस्थ शिशु की सेहत पर पड़ता है।
कहा जाता है कि गर्भावस्था के दौरान खास ख्याल रखना चाहिए। दरअसल इस दौरान महिला न सिर्फ अपने लिए बल्कि बच्चे के पोषण के लिए भी खाना खा रही होती है। फिलहाल जो महिलाएं गर्मियों में गर्भावस्था के चरण में हैं उन्हें आहार में ऐसे पोषक तत्वों से भरपूर भोजन को शामिल करना चाहिए जो शरीर को हाइड्रेटेड और ठंडा रखने में मदद करता है।
प्रचंड गर्मी ने सभी को बेहाल कर दिया है और जो महिलाएं इस दौरान गर्भवती हैं उन्हें गर्म मौसम के कारण अधिक थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। तो आइए जानते हैं ऐसे कौन से खाद्य पदार्थ हैं जो शरीर को ऊर्जा और पोषण देने के साथ-साथ ठंडा रखने में भी मदद करेंगे।
गर्मियों में गर्भवती महिलाएं अपने आहार में दही ले सकती हैं। दही कैल्शियम से भरपूर होता है और इसमें विटामिन डी और प्रोटीन सहित कई पोषक तत्व होते हैं और इसमें मौजूद अच्छे बैक्टीरिया आंत को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। दही का सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने का भी काम करता है।
गर्मियों में शरीर में पानी की कमी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है, इसलिए गर्भवती महिलाओं को शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए पानी पीने के अलावा अपने आहार में नारियल पानी भी शामिल करना चाहिए। नारियल पानी प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट के रूप में काम करता है और शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करता है। ऐसे में आप गर्भावस्था के दौरान थकान और कमजोरी से बचे रहेंगे।
फल पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और गर्भावस्था के दौरान विभिन्न प्रकार के फलों को आहार में शामिल करना चाहिए। अपने आहार में मौसमी फलों को शामिल करें, जिनमें पानी की भरपूर मात्रा होती है, खासकर गर्मियों के दौरान।
गर्भवती महिलाओं को गर्मियों में अपनी डाइट में लौकी, तोरई, टमाटर, टिंडे जैसी सब्जियों को शामिल करना चाहिए। ये सब्जियां पचने में काफी आसान होती हैं और पानी से भी भरपूर रहती हैं। इसके अलावा ककड़ी, खीरा, प्याज आदि को सलाद के रूप में खाएं।


