छिंदवाड़ा। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के न्यूटन चिखली नगर परिषद और परासिया मैगजीन लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने कफ सिरप प्रकरण में दिवंगत बच्चों के परिजन से भेंट कर उनका दुःख बांटा।
मासूमों के असमय निधन पर मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सभी को ढांढस बंधाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हर नागरिक का जीवन अनमोल है। दोषियों को कठोर सजा मिले और ऐसी पीड़ा किसी अन्य परिवार को ना सहनी पड़े, इसके लिए संवदेनशील प्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वही, सुबे के मुखिया डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर छिंदवाड़ा कफ सिरप प्रकरण में सख्त कार्रवाई करते हुए शोभित कोष्टा, उप औषधि नियंत्रक एवं नियंत्रण प्राधिकारी औषधि प्रशासन (भोपाल) शोभित कोष्टा, औषधि निरीक्षक (जबलपुर) शरद जैन और औषधि निरीक्षक (छिंदवाड़ा) गौरव शर्मा को निलंबित किया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि नागरिकों के जीवन से जुड़ी किसी भी लापरवाही पर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। हर दोषी पर निष्पक्ष कार्रवाई होने के साथ ही पीड़ित परिवारों को पूरी तरह न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।


