जबलपुर। शहर के सेल्स टैक्स ऑफिस के पास से दो पिस्टल और कारतूस सहित दो बदमाशों को पुलिस ने धरदबोचा है।
आरोपियों के कब्ज से दो पिस्टल एवं तीन कारतूस जब्त किया गया है।
ओमती थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा उर्फ नीरज सोनकर पिस्टल लेकर सेल्स टैक्स आफिस के सामने खड़ा है। सूचना पर थाना एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश देते हुए मुखबिर के बताए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
नाम पता पूछने पर अपना नाम बाबा उर्फ नीरज सोनकर उम्र 35 वर्ष निवासी शिव पावर्ती मंदिर के पास भरतीपुर बताया जो तलाशी लेने पर कमर में पिस्टल जिसकी मैगजीन में 2 कारतूस लगे खोंसे मिला।
आरोपी के कब्जे से पिस्टल एवं 2 कारतूस जब्त करते हुए, पिस्टल के संबंध में पूछताछ पर आरोपी ने एक अन्य पिस्टल शिवम उर्फ शिवांश गुप्ता को देना बताया। शिवम उर्फ शिवांश गेट नम्बर 4 के पास खड़े होने की जानकारी लगने पर तत्काल गेट नम्बर 4 के पास दबिश देकर शिवम उर्फ शिवांश गुप्ता को पकड़ा गया जो तलाशी लेने पर कमर में एक पिस्टल जिसकी मैगजीन में एक कारतूस लोड खोखे मिले।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।


