इंदौर के भाजयुमो अध्यक्ष पर दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का लगा आरोप, पीड़ित ने पीएमओ से की शिकायत

इंदौर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौगात मिश्रा और उपाध्यक्ष कपिल गोयल पर दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है।
आरोप एक व्यापारी जयेश व्यास ने लगाए हैं। उनका कहना है कि मिश्रा और गोयल ने रुपयों की आवश्यकता बताते हुए उनसे दो करोड़ रुपये उधार लिए थे। इस राशि की वापसी के लिए जो चेक दिए गए थे वो बैंक से अनादरित हो गए। अब दोनों पैसा वापस करने के बजाय धमका रहे हैं।
जयेश व्यास ने इस मामले में पुलिस कमिश्नर, प्रधानमंत्री कार्यालय एवं मुख्यमंत्री कार्यालय को शिकायत भी की है।
व्यापारी जयेश व्यास ने आरोप लगाया कि सौगात मिश्रा और कपिल गोयल को दो किस्तों में दो करोड़ रुपये दिए थे। यह राशि 7 और 28 अगस्त 2023 को दी गई थी। इसके लिए 100 रुपये के स्टाम्प पर लिखा पढ़ी भी की गई थी।
अनुबंध के मुताबिक राशि 31 मार्च 2024 तक लौटाना थी, लेकिन नहीं लौटाई गई। राशि वापसी के लिए कपिल गोयल द्वारा दिए गए चेक भी अनादरित हो गए। इसके बाद कपिल गोयल ने फोन उठाना बंद कर दिया। यह आरोप भी है कि सौगात मिश्रा और कपिल गोयल ने जयेश व्यास को पीएनबी फाइनेंस से ऋण के संबंध में एक फर्जी पत्र भी दिखाया था।
जयेश व्यास ने मामले की शिकायत की है। इधर, सौगात मिश्रा का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं। मेरा कोई लेनदेन नहीं है। वहीं, कपिल गोयल इसे ब्याज का हिसाब बता रहे हैं।

 

Next Post

प्रदेश के 31 जिलों के 66 नर्सिंग कॉलेज होंगे बंद, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए निर्देश

भोपाल। सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में नर्सिंग कॉलेज के मापदंडों की पूर्ति में अनफिट पाए गए कॉलेज पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दे दिये हैं। सीएम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थी प्रभावित न हो और परीक्षा दे सकें ऐसी व्यवस्था की जाए। […]