भोपाल। मध्यप्रदेश में रिकॉर्डतोड़ गर्मी का दौर जारी हो गया है। बुधवार को मालवा-निमाड़ यानी, इंदौर और उज्जैन संभाग के शहरों में भीषण गर्मी पड़ी। छतरपुर के खजुराहो में पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा मौसम केंद्र (भोपाल) की माने तो अगले 4 दिन तक प्रदेश का आधा हिस्सा लू की चपेट में रहेगा।
गुरुवार को इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, इंदौर, उज्जैन-धार की रात में भी तापमान बढ़ा हुआ रहेगा। यहां वॉर्म नाइट की चेतावनी है। इस दौरान गर्म हवाएं चलेंगी। झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ में भी लू चलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक खजुराहो के बाद रतलाम-धार सबसे गर्म रहे। रतलाम में तापमान 45.2 डिग्री और धार में 45 डिग्री सेल्सियस रहा।
शाजापुर में 44.7 डिग्री, गुना में 44.6 डिग्री, श्योपुर-सागर में 44.4 डिग्री, खरगोर-रायसेन में 44.2 डिग्री, खंडवा में 44.1 डिग्री और दमोह में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के 5 बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 44.7 डिग्री रहा। भोपाल में 43.2 डिग्री, इंदौर में 43.6 डिग्री, ग्वालियर में 42 डिग्री और जबलपुर में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि अगले 4 दिन तक प्रदेश में तेज गर्मी पड़ेगी। जानकारी के अनुसार, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। इसलिए यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर में भी लू की चेतावनी जारी की गई है। 17 मई तक आधे प्रदेश में अलर्ट है।

