धार। जिले के टाण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धावडदा में अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के चलते एक महिला की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने मर्ग जांच के आधार पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी टिंकू पिता भुरु सिंगाड तथा सोहन पिता हिरला सिंगार निवासी ग्राम धावड़दा बताए गए हैं। घटना 10 मई 2026 की शाम करीब 6.30 बजे ग्राम धावडदा में मुनेश भाबर के घर के सामने हुई।
बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और अंधविश्वास से जुड़े विवाद के चलते महिला के साथ आरोपियों ने लकड़ी तथा लात-घूंसों से बेरहमीपूर्वक मारपीट की। गंभीर चोट लगने के बाद महिला की मौत हो गई।
ग्रामीण क्षेत्र में अंधविश्वास के कारण हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि आज भी कई गांवों में अंधविश्वास और आपसी रंजिश के कारण महिलाओं को प्रताड़ना और हिंसा का शिकार होना पड़ता है।
शिक्षा और जागरूकता की कमी के चलते ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न साक्षियों के पृथक-पृथक विस्तृत बयान दर्ज किए। साक्षियों ने अपने कथनों में बताया कि 10 मई की शाम आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर टाण्डा थाना में आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 34 भादवि तथा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया है।

