इंदौर। जिले के धार रोड स्थित ग्राम नावदा पंथ में प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई।
घटना की जानकारी लगते ही फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने घटना स्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाना शुरु किया।
सूचना मिलते ही चंदन नगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरु किया।
वही, जानकारी लगते ही निगम कमिश्नर क्षितिज सिंहल भी घटनास्थल पर पहुंच गए और जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बता दें कि जिले के धार रोड पर ग्राम नावदा पंथ में ड्यू ड्रॉप इरिगेशन के नाम से प्लास्टिक दाना फैक्ट्री है।
फैक्ट्री के संचालक मो. जावेद कुरैशी पिता अब्दुल गफ्फार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह 7 बजे कारखाने में अज्ञात कारणों के चलते भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक दाना भंडारण कर रखा हुआ था, जिसने तेजी से आग पकड़ ली और काला धुआं आसमान में उठने लगा।
प्लास्टिक दाने के जलने से बन रहा काले धुए के गुबार आसमान में 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिए।
आगाजनी घटना की सूचना आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिसके चलते इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड को हादसे की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। भीषण आग को बुझाने में दमकल विभाग की छह गाड़ियाें ने मशक्कत की। दो-तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका।
वहीं, पानी डालने में बाधा बन रहे फैक्ट्री के टिन शेड को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
पानी कम पड़ने पर नगर निगम के अधिकारियों ने आसपास से पानी की व्यवस्था की।
आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है।
मौके पर पहुंची चंदन नगर की पुलिस ने सुरक्षा कि दृष्टि से आसपास के इलाके को खाली करवाया।
आग से फैक्ट्री में रखा सामान जल गया। हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी अनुसार हादसे के समय फैक्ट्री में मजदूर नहीं थे।
फैक्ट्री संचालक का कहना है कि आज अमावस्या होने की वजह से मजदूर काम पर नहीं आए थे, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया।
फैक्ट्री में 30 से 35 लोगों के काम करने की जानकारी मिली है। यहां दिन और रात की दो शिफ्ट में काम किया जाता है। वहीं डीपी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच शुरु कर दी गई है।


