पूर्व आरटीओ आरक्षक के घर लोकायुक्त का छापा, 17 लाख रुपए नगदी व 40 किलो चांदी बरामद

भोपाल। पूर्व आरटीओ (रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस) आरक्षक सौरभ शर्मा के घर पर लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार सुबह छापा मारा। लोकायुक्त टीम को सौरभ के अरेरा कॉलोनी स्थित घर से 17 लाख कैश, सोने-चांदी के जेवर और चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं।
लोकायुक्त के उप पुलिस अधीक्षक वीरेंदर सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में करीब 40 किलो चांदी भी मिल चुकी है। सौरभ शर्मा परिवहन विभाग (आरटीओ) में आरक्षक रहे हैं। एक साल पहले वीआरएस ले चुके हैं। फिलहाल, रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं। उनके एक होटल पर भी रेड की गई है। सौरभ के एक दोस्त के यहां भी कार्रवाई की जानकारी मिली है।
दोनों पर परिवहन नाकों पर तैनाती कराने के लिए दलाली करने के आरोप रहे हैं। सौरभ ने महज 12 साल की नौकरी में प्रदेश भर में करोड़ों का अवैध साम्राज्य खड़ा किया है। सौरभ शर्मा फिलहाल दुबई में हैं। घर में केवल मां और नौकर हैं।
सौरभ शर्मा वीआरएस लेने से पहले ही रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ गए थे। प्रदेश के कई रसूखदारों से उनकी नजदीकी थी। लिहाजा कार्रवाई के डर से उन्होंने वीआरएस लिया और बिल्डर बन गए। भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में उनकी संपत्ति होने के प्रमाण लोकायुक्त को मिले हैं। अब तक की कार्रवाई में सौरभ के एक होटल और एक स्कूल में निवेश के प्रमाण लोकायुक्त टीम को मिले हैं।
एडीजी लोकायुक्त जयदीप प्रसाद ने बताया कि सौरभ शर्मा के दो ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। सुबह 7 बजे दो टीमों को उसके अलग-अलग ठिकानों पर रवाना किया गया था। उसके खिलाफ पहले शिकायत मिली थी। इसकी जांच के बाद कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि सौरभ को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। उनके पिता पहले परिवहन विभाग में पदस्थ रहे हैं। मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले सौरभ साधारण परिवार से थे। चंद साल की नौकरी में ही रहन-सहन बदल गया था। इसकी शिकायत विभाग सहित अन्य स्थानों पर की जाने लगीं। इस पर सौरभ ने वीआरएस लेने का फैसला लिया। इसके बाद भोपाल के कई नामचीन बिल्डरों के साथ प्रॉपर्टी में इन्वेस्टमेंट करने लगे।

 

Next Post

एमपीपीएससी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी, रात भर कड़ाके की ठंड में बैठे रहे, अब प्रारंभ किया सुंदरकांड का पाठ

इंदौर। बुधवार से प्रारम्भ हुए एमपीपीएससी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन लगातार जारी है। रातभर से कड़ाके की ठंड में भी अभ्यर्थी मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग कार्यालय के बाहर बैठे हैं। सुबह से कई और अभ्यर्थी यहां पहुंचने लगे हैं। उनका कहना है की जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब […]