बाघिन के हमले से ग्रामीण की मौत, शरीर के कुछ अंग मिले, धड़ पूरा गायब

शिवपुरी। जिले के माधव टाइगर रिजर्व से एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां मादा टाइगर एमटी-6 के हमले में एक आदिवासी ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने नरवर-शिवपुरी मार्ग पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
जानकारी के मुताबिक ग्राम ऐरावन निवासी करीब 50 वर्षीय सरवन आदिवासी बीते दो दिनों से लापता थे।
शुक्रवार शाम टाइगर ट्रैकिंग टीम को जंगल क्षेत्र में उनका शव बेहद क्षत-विक्षत हालत में मिला।
घटनास्थल पर कपड़े, नहाने का सामान और अन्य वस्तुएं मिलने से अंदेशा है कि वह नदी में स्नान करने गए थे, तभी घात लगाए बैठे टाइगर ने उन पर हमला कर दिया।
शव की स्थिति अत्यंत भयावह थी।
मृतक के शरीर के कुछ अंग ही मौके पर मिले, जबकि धड़ गायब था।
प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि किसी बड़े जंगली शिकारी ने तेज दांतों से हमला किया है। पास ही एमटी-6 की लोकेशन मिलने से बाघिन के हमले की आशंका और मजबूत हो गई है, हालांकि अंतिम पुष्टि विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे नरवर-शिवपुरी मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे लगभग पांच घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
अंततः मुआवजे और सुरक्षा के ठोस आश्वासन के बाद दोपहर करीब 12 बजे जाम समाप्त हुआ।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मृतक के परिजनों को 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। जबकि, सतनबाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू कर दी है।

 

Next Post

मध्यप्रदेश में 2,500 करोड़ का डिफेंस प्लांट होगा स्थापित, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया ऐलान

भोपाल। शनिवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी के कोलारस नगर के लिए बड़े औद्योगिक विकास की घोषणा की। उन्होंने 2,500 करोड़ रुपये के रक्षा निर्माण संयंत्र (डिफेंस प्लांट) की स्थापना के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ किया। शिवपुरी-कोलारस […]