पति-पत्नी ने एक-दूसरे पर किया धारदार हथियार से हमला, दोनों की मौत

DR. SUMIT SENDRAM

मुरैना। जिले के कैलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत लीलहर का पुरा गांव में बुधवार की शाम पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई। खेतों की रखवाली को लेकर हुए विवाद में दोनों ने एक-दूसरे पर हंसिया से जानलेवा हमले किए।
गंभीर रूप से घायल पति ने इसके बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को तत्काल इलाज के लिए कैलारस अस्पताल ले जाया गया, जहां पति की मौत हो गई। पत्नी को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां भी उसकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी के मुताबिक लीलहर का पुरा गांव निवासी 50 वर्षीय रामविलास कुशवाह पिता मुकुंदी कुशवाह का बुधवार शाम को अपनी पत्नी सरोज कुशवाह (45) से खेतों की रखवाली को लेकर झगड़ा हो गया। रामविलास कैलारस में शुक्ला मैरिज होम के पीछे एक खेत पर बनी झोंपड़ी में रहकर रखवाली करता था।
झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों ने आपा खोते हुए एक-दूसरे पर हंसिया से हमला कर दिया। रामविलास के सिर में तीन से चार जगह चोटें आईं, जबकि सरोज के सिर और चेहरे पर गंभीर घाव हो गए।
घायल होने के बाद गुस्से में आकर रामविलास ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। आवाज सुनकर उसका भाई दौजीलाल कुशवाह और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों को कैलारस अस्पताल लेकर आए। वहां इलाज के दौरान रामविलास की मौत हो गई।
सरोज की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल मुरैना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, लेकिन इस बार मामला इतना बिगड़ जाएगा, किसी ने नहीं सोचा था। रामविलास के तीन बेटियां और दो बेटे हैं, जो घटना के समय दूसरे घर में थे। झोंपड़ी में अकेले होने के कारण झगड़े को रोकने वाला भी कोई नहीं था।

 

Next Post

शराब की पेटियों से भरा टैंकर पुलिस ने पकड़ा, पुलिस ने किया शराब की 285 पेटियां जब्त

शाजापुर। जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र की उकावता चौकी पुलिस ने गुरुवार रात शराब की पेटियां से भरा टैंकर पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने 285 पेटी शराब की जब्त की है, जिसकी कीमत 84 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। मामले में उकावता चौकी पुलिस […]