ट्रेनिंग के लिए गई छात्रा की नरसिंहपुर जिला अस्पताल में गला रेत कर हत्या

DR. SUMIT SENDRAM

नरसिंहपुर। शुक्रवार को जिला अस्पताल में एक युवक ने 12वीं की छात्रा संध्या चौधरी (18) की गला रेतकर हत्या कर दी। हमले के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने रात में उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी का नाम अभिषेक कोष्ठी बताया जा रहा है।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि सोशल मीडिया के जरिए पहले से छात्रा से पहचान थी।
वही, परिजन देर रात तक हत्यारे को देखने की मांग को लेकर धरने पर बैठे रहे। शनिवार को भी प्रदर्शन किया। काफी समझाइश के बाद परिजन माने और शव लेकर घर गए।
बता दें शुक्रवार को सांकल रोड स्थित पटेल वार्ड गली निवासी हीरालाल चौधरी की बेटी संध्या वोकेशनल ट्रेनिंग के लिए जिला अस्पताल पहुंची थी। दोपहर करीब 3 बजे इमरजेंसी वार्ड के बाहर काली शर्ट पहने एक युवक ने उस पर हमला कर दिया। जिससे छात्रा की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर दोपहर 3.30 बजे परिजन अस्पताल पहुंचे। इसके बाद शाम 5 बजे से उन्होंने चक्काजाम कर दिया। जाम करीब 7.30 बजे तक चला।
पुलिस की समझाइश के बाद परिजन मान गए थे। लेकिन 10 मिनट बाद उन्होंने फिर जाम लगा दिया।
देर रात 2 बजे तक उनका प्रदर्शन चलता रहा। उनकी मांग थी कि जब तक आरोपी को देख नहीं लेते तब तक चक्काजाम नहीं खोलेंगे। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर फांसी दी जाए। उसका घर भी गिराया जाए।
शनिवार को पोस्टमॉर्टम के दौरान परिजनो ने फिर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर एसडीएम मणींद्र कुमार सिंह और पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल मौके पर पहुंचे। परिजन को समझाइश दी तब जाकर वे माने और शव को घर लेकर गए।
अति. पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि अभिषेक कोष्टी नाम के युवक ने चाकू से संध्या नाम की छात्रा की गला रेत कर हत्या की है। आरोपी पुलिस कस्टडी में है। जांच के बाद आरोपी को अधिकतम सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कोशिश करेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला जाए। अभी हत्या की वजह सामने नहीं आई है। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जाएगी, जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।

 

Next Post

जयस के प्रदेश सचिव राजेश कुमार सरठिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने ली भाजपा की सदस्यता

भोपाल। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़ विधानसभा से जयस पार्टी के प्रदेश सचिव राजेश कुमार सरठिया सहित 31 से अधिक पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उनका अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। बता दे कि भारतीय जनता […]