सागर। शहर के डाॅ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में दिव्यांग विद्यार्थियों की मांग को लेकर शुक्रवार को हुए उपद्रव व कुलपति के वाहन पर पथराव के मामले में 21 नामजद छात्रों सहित करीब 150 अन्य लोगों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस कार्रवाई के बाद कई विद्यार्थी थाने भी पहुंचे, लेकिन पुलिस का कहना है कि इस संबंध में विद्यार्थियों द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार को देर रात जब कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता विद्यार्थियों से चर्चा करने पहुंची थीं तो विद्यार्थियों द्वारा अभद्रता की गई थी। कई विद्यार्थी उनके पीछे दौड़े थे और उनके वाहन के आगे लेट गए थे। इसके अलावा कुछ विद्यार्थियों ने उनके वाहन में पथराव भी किया था और शासकीय संपत्ति को नुकसान भी पहुंचाया था। इस पूरे घटनाक्रम के बाद विवि की कुलपति की ओर से रजिस्ट्रार सत्यप्रकाश उपाध्याय के माध्यम से पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइन पुलिस ने 21 छात्रों के खिलाफ नामजद एवं 100-150 अन्य के खिलाफ 9 धाराओं में बलवा और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आपराधिक षड्त्र का मामला दर्ज किया है।
सिविल लाइन पुलिस ने धारा 147,148,149, 353, 332, 120 बी, 341, 342 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा सौ से डेढ़ सौ अन्य विद्यार्थियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनकी वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।


