निवाड़ी। जिले के ओरछा में अलाव ताप रहे लोगों को एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार चालक ने कुचल दिया। इस घटना से 7 लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
ओरछा पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार को जब्त कर लिया है, जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आ रहा है कि कार का ड्राइवर की नशे की हालत में था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बाद में देखा गया कि कार का टायर भी फटा हुआ है।
पुलिस भी जगह के सीसीटीवी फुटेज देखने के साथ ही लोगों के बयान दर्ज कर रही है। बताया गया कि तेज रफ्तार कार ड्राइवर लापरवाही पूर्वक चला रहा था। गनीमत रही कि कोई बड़ी घटना नहीं हुई। रामराजा सरकार मंदिर के पीछे घटना स्थल पर विवाह पंचमी के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ थी।
ओरछा थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा ने बताया कि सफेद रंग की फॉर्च्यूनर एमपी 07 जेडई 7251 ने सड़क किनारे बैठे 7 लोगों को टक्कर मारी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना में नरेंद्र पिता मुरारी आदिवासी, निवासी रामनगर थाना ओरछा, साहिल पिता महेंद्र अहिरवार निवासी मोहनपुरा थाना पृथ्वीपुर, राजकुमार पिता गोरेलाल बंजारा निवासी घाटमपुर, अनिकेत पिता राजेश पाल निवासी रामनगर, सागर पिता राजू सौर निवासी रामनगर, अभिषेक पिता संतराम अहिरवार निवासी मोहनपुरा और दीपक पिता बाबू सौर निवासी चंदेरिया थाना जेरोन घायल हुए हैं।

