ग्वालियर। रेल यात्री की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस को नए स्वरूप में तैयार कर रहा है।
ट्रेन के कोचों को हाईटेक और अधिक सुविधा जनक बनाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर सफर का अनुभव मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत कोचों में कोच इंडिकेशन बोर्ड, ट्रेन टाइम टेबल बोर्ड, वेलकम स्टीकर और इमरजेंसी विंडो इंडिकेशन जैसी सुविधाएं लगाई जा रही हैं।
इसके अलावा यात्रियों की स्वच्छता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालयों को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। इनमें सोप डिस्पेंसर, ओडोनिल कंटेनर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। फस्र्ट एसी कोच के अंदर आकर्षक सीनरी के साथ डोर मैट भी लगाए जा रहे हैं, जिससे कोच का लुक भी बेहतर होगा।
ट्रेन के इन कोचों को ग्वालियर में ही तैयार किया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक बुंदेलखंड एक्सप्रेस झांसी मंडल की पहली ऐसी ट्रेन होगी, जिसे मॉडल रैक के रूप में तैयार किया जा रहा है। झांसी मंडल से कई ट्रेनों का संचालन होता है, जिनमें झांसी के साथ ग्वालियर से भी ट्रेनें चलाई जाती हैं। इस ट्रेन को जल्द ही नए स्वरूप में चलाया जाएगा।


