बीमार तेंदुए की सवारी करने वालों को कोर्ट ने भेजा जेल

देवास। जिले के इकलेरा माताजी गांव के पास पिछले साल अगस्त माह के अंत में तेंदुए के आने से हड़कंप मच गया था।
बीमारी की हालत में सुस्त तेंदुए को देख ग्रामीणों ने इसकी सवारी कर डाली थी और साथ में सेल्फी भी ली थी।
सोशल मीडिया पर इसका वीडियो पर जमकर वायरल हुआ था।
तेंदुआ गंभीर बीमारी से करीब चार माह के उपचार के बाद ठीक तो हो गया, लेकिन अब तक शिकार नहीं कर पा रहा है।
इधर, तेंदुए की सवारी करने और हांकने के मामले में दो आरोपियों को टोंकखुर्द न्यायालय ने जेल भेज दिया है।
वन मंडल अधिकारी ने बताया कि इकलेरा माताजी में घायल अवस्था में पिछले साल अगस्त माह में तेंदुआ पाया गया था।
उस दौरान कुछ लोगों द्वारा तेंदुआ को हांकने, सवारी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो के आधार पर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की शिनाख्त की गई।
जांच के दौरान आरोपी पंकज पाटीदार और अंकित चौधरी को गिरफ्तार किया गया और टोंकखुर्द न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने दोनों को जेल भेज दिया।
बताया गया कि वन विभाग को ग्रामीणों द्वारा सूचना दी गई थी कि इकलेरा माताजी के पास एक तेंदुआ बीमार अवस्था में गांव के पास आ गया है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी देवेंद्रसिंह चौहान के निर्देशन में रेस्क्यू दल द्वारा तेंदुए को रेस्क्यू कर दौलतपुर प्रांगण में लाकर रखा गया, जो की काफी बीमार था एवं मूर्छित अवस्था में था।
बाद में वन मंडल अधिकारी प्रदीप मिश्रा के निर्देशानुसार वन्य प्राणी संग्रहालय इंदौर ले जाकर उपचार किया गया। जांच करने पर पाया गया कि तेंदुआ कैनाइन डिस्टेंपर वायरस से पीड़ित है। करीब तीन से चार माह उपचार के बाद तेंदुआ स्वस्थ हो गया। इस दौरान दौलतपुर में वन कर्मचारियों ने उसकी देखरेख की ओर उसका नाम रामू रख दिया। तेंदुए को जो बीमारी हुई थी उसमें उसके प्राण बचने की संभावना बेहद कम थी।
स्वस्थ होने के बाद कुछ दिन पूर्व तेंदुए को खिवनी अभयारण्य में छोड़कर निगरानी की गई।
अभयारण्य में तेंदुए के शिकार नहीं कर पाने के कारण उसे वन विभाग द्वारा भोजन दिया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारी तेंदुए की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार यदि वह स्वयं शिकार नहीं कर पाया तो आने वाले दिनों में बड़े बाड़े में या किसी चिड़ियाघर में उसे भेजने के लिए विचार किया जा सकता है।

 

Next Post

कुण्डम - शहपुरा मार्ग में सड़क हादसे में बाइक में सवार दो व्यक्तियों की मौत

जबलपुर। जिले के कुण्डम थाना क्षेत्र के अमरकंटक मुख्य मार्ग महागवां पुलिया के पास अनियंत्रित होकर बाइक सवार गिर गए, जिससे मौके पर दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते की कुण्डम पुलिस ने मौके पर पहुँच कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुण्डम के सामुदायिक […]