ग्वालियर। प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी 20 वर्षीय तनु गुर्जर ने वारदात से पहले इंटरनेट पर वीडियो डाला था कि उसे अपने मां-बाप और रिश्तेदारों से जान का खतरा है।
वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को महाराजपुरा थाने की महिला आरक्षक और काउंसलर उनके घर पहुंचे। तनु पुलिस वालों से कहती रही कि उसको कभी भी पिता और भाई मार सकते हैं। इनके इरादे बहुत खतरनाक हैं, लेकिन उसकी गुहार को पुलिसकर्मियों ने अनसुना कर दिया। नतीजा तनु की हत्या हो गई।
बेटी के प्रेम पर नफरत पाले बैठे पिता और भाई ने पुलिस के सामने ही कट्टे निकालकर तनु की चार गोलियां मारकर हत्या कर दी।
अचानक इस घटना से पुलिसकर्मी भी दहल गए। तनु के मरने के बाद उन्हें मामले की संवेदनशीलता का अंदाजा हुआ।
गौरतलब है कि तनु की जान पुलिस की लापरवाही और मामले को हल्के में लेने की वजह से चली गई। अगर पुलिस तनु की गुहार को सुनती और उसको सुरक्षा उपलब्ध करा देती, तो हत्यारोपियों को उसकी जान लेने का मौका ही नहीं मिल पाता।
बता दें कि ग्वालियर शहर के पिंटो पार्क इलाके में रहने वाली तनु गुर्जर अपने प्रेमी आगरा निवासी भीकम मावई से शादी करना चाहती थी। एक ही समाज से होने के बावजूद परिवार प्रेम-विवाह के लिए तैयार नहीं था।
वही, ढाबा संचालक पिता ने तनु की शादी भिंड निवासी युवक से तय कर दी और 18 जनवरी को शादी थी। इससे पहले तनु ने एक वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया।
इसमें वह कह रही है कि उसकी शादी दबाव डालकर दूसरी जगह कराई जा रही है। अगर उसकी जान जाती है तो परिवार उसका जिम्मेदार होगा। वीडियो सामने आने पर महाराजपुरा थाने की पुलिस घर पहुंची। युवती और उसके परिजनों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान पिता महेश गुर्जर और चचेरे भाई राहुल गुर्जर ने तनु की हत्या कर दी।
हत्यारों के सिर पर इस कदर खून सवार था कि तनु को गोली मारने के बाद भागते समय उन्हें पुलिस कर्मियों ने रोका, तो उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक नागेंद्र सिंह सिकरवार पर भी कट्टा तान दिया। इससे पुलिसकर्मी भी दहशत में आ गए।
नगर पुलिस अधीक्षक नागेंद्र सिंह का कहना है कि यह परिवारिक मामला था, इसलिए पुलिस टीम समझाने को घर पहुंची थी। टीम काउंसलिंग कर रही थी। इसी दौरान युवती का पिता व चचेरा भाई गुस्से में आया और गोलियां मारकर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

