ग्वालियर। सोमवार रात एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस के टायर से चिंगारी निकलते देख वीडियो कोच बस के ड्राइवर ने तुरंत हाईवे किनारे गाड़ी रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। करीब 20 मिनट के भीतर पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
घटना के समय बस में 45 यात्री सवार थे।
यह बस हरियाणा के गुड़गांव (गुरुग्राम) से पन्ना (मप्र) की ओर जा रही थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दमकल दल को भी बुलाकर आग पर काबू पाया गया।
राहत की बात यह है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम हरियाणा के गुरुग्राम (गुड़गांव) से वीडियो कोच बस नंबर यूपी-93-सीटी-6747 पन्ना के लिए रवाना हुई थी। बस में कुल 45 यात्री सवार थे। रात करीब 12 बजे जब बस पुरानी छावनी क्षेत्र के हाईवे से गुजर रही थी, तभी ड्राइवर की नजर बस के टायर से निकल रही चिंगारी पर पड़ी।
स्थिति को भांपते ही ड्राइवर ने बिना देर किए बस को हाईवे किनारे रोक दिया और तुरंत सभी यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालते ही कुछ ही क्षणों में आग अचानक तेज हो गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिरकर जलकर राख हो गई।
यात्रियों ने बताया कि जब बस में आग लगी उस समय यात्री सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बस के एक पहिए से चिंगारी निकलती देख ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को बाहर निकलने की सूचना दी। समय रहते सभी यात्री बस से बाहर आ गए, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
बताया जा रहा है कि यदि यात्री गहरी नींद में होते, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।


