श्रीमद्भागवत कथा में पेट्रोल-डीजल एवं सोना नही खरीदने की दिलाई गई शपथ, उज्जैन में पीएम मोदी की अपील का असर

DR. SUMIT SENDRAM

उज्जैन। जीवाजीगंज थाने के सामने संत लीला शाह कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर देखने को मिला। कथा वाचक ने श्रद्धालुओं को पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने और एक साल तक सोना नहीं खरीदने की शपथ दिलाई।
संत लीलाशाह कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी में 17 से 23 मई तक प्रतिदिन शाम 4:30 से 7:30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।
कथा के दूसरे दिन महाराष्ट्र के अमरावती से पहुंचे राष्ट्रीय संत डॉ. संतोष महाराज ने शिव-पार्वती विवाह, माता सती और राजा दक्ष प्रजापति के प्रसंग सुनाए।
कथा के दौरान संतोष महाराज ने राष्ट्रहित और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सप्ताह या महीने में कम से कम एक दिन पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों का उपयोग नहीं करें। इसके बजाय ई-स्कूटर, ई-रिक्शा एवं साइकिल का ज्यादा इस्तेमाल करें, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
संतोष महाराज ने श्रद्धालुओं को एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की शपथ भी दिलाई।
कथा में बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग मौजूद रहे।
सिंधी पंचायत के अध्यक्ष दौलत खेमचंदानी ने बताया कि उज्जैन में पहली बार सिंधी भाषा में श्रीमद्भागवत कथा आयोजित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान से प्रेरित होकर लोगों से सप्ताह में एक दिन पेट्रोल वाहन का उपयोग नहीं करने, एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने और संभव हो तो विदेश यात्रा टालने का संदेश दिया गया है।

 

Next Post

संदिग्ध पार्सल से 455 ग्राम अफीम बरामद, चॉकलेट के रैपर में पैक कर अफीम भेजी जा रही थी कनाडा

मंदसौर। नई आबादी पोस्ट ऑफिस में सोमवार शाम सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) की टीम ने एक संदिग्ध पार्सल से 455 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। एक युवक इस पार्सल को ओंटारियो (कनाडा) भेज रहा था, जिसमें अफीम को कैंडी और चॉकलेट के रैपर के भीतर छिपाया गया था। […]