डिंडोरी। सोमवार को नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे द्वारा विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया गया।
इस दौरान पुलिस कार्यालय परिसर में अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पदभार ग्रहण के पश्चात पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने जिले की पुलिस व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं कार्यालयीन स्टाफ की अपराध समीक्षा एवं परिचयात्मक बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में लंबित अपराध, गंभीर प्रकरण, फरार एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित करें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि अपराधों में नियत्रंण, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए। थाना क्षेत्रों में बीट व्यवस्था को और मजबूत करने, जनसंवाद बढ़ाने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित करना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

