इंदौर। जिले के रालामंडल में जिस फार्म हाउस में रेव पार्टी हुई थी उसे पुलिस ने सील कर दिया।
फार्म हाउस के मालिकों के खिलाफ भी इस्तगासा पेश किया गया है।
वही, पार्टी आयोजित करने वाले मुख्य आरोपी एक महीने से फरार है।
उप पुलिस अधीक्षक(मुख्यालय) उमाकांत चौधरी के मुताबिक पिछले महीने 9 जून को तेजाजी नगर पुलिस ने रिवेरा हिल्स फार्म हाउस पर दबिश देकर सौ से अधिक युवक-युवतियों को पार्टी करते पकड़ा था।
पार्टी में भारी मात्रा में शराब, गांजा एवं मिथाइलीनडाइआक्सी मैथेमफेटामाइन (एमडीएमए) ड्रग्स का इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस ने इवेंट मैनेजर कशिश वाधवानी सहित डीजे को पकड़ लिया लिया, लेकिन आयोजक सोनू गुप्ता और उसका साथी फरार हो गया।
जिस फार्म हाउस में दबिश दी गई थी वह खुड़ैल थाना अंतर्गत आता है। पुलिस सीमा विवाद में फंस गई थी। राजस्व विभाग के अधिकारियो से रिपोर्ट लेने के बाद खुड़ैल पुलिस एक्शन में आई।
डीआईजी(ग्रामीण) निमिष अग्रवाल ने फार्म हाउस को सील करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने एसडीएम कोर्ट में इश्तागाशा पेश किया। फार्म हाउस के मालिक सीमा सुब्रतो राय निवासी देवगुराड़िया और रितेश मोहनलाल यादव निवासी धार को भी नोटिस भेजा।
गुरुवार को राजस्व और पुलिस अधिकारियो ने फार्म हाऊस को सील कर दिया है।
पार्टी का आयोजन सोनू गुप्ता द्वारा किया था। सोनू पब संचालक है।
दबिश की सूचना मिलते ही वह फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लेह लद्दाख तक पहुंची, लेकिन वह फरार हो गया। उसके मोबाइल की टावर लोकेशन भी हर दो घंटे में बदल जाती है।


