युगपुरुष आश्रम में फिर एक बच्ची की मौत से मचा हड़कंप, आश्रम में पहले हो चुकी है 10 बच्चों की मौत

इंदौर। युगपुरुष आश्रम में फिर एक बच्ची की मौत से हड़कंप मच गया है। बच्ची की उम्र 12 साल बताई गई है, वह सुबह बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली। जानकारी के मुताबिक बच्ची नर्मदापुरम की है और दो साल पहले आश्रम में आई थी। बच्ची की मौत का कारण अभी साफ नहीं हो पाया है।
गौरतलब है कि इस वर्ष जुलाई-अगस्त महीने में आश्रम में 11 बच्चों की मौत हो गई थी। जांच में आश्रम में बड़ी अनियमितताएं मिली थीं। इसके बाद इस आश्रम से बच्चों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था।
युगपुरुष आश्रम में सफाई और सभी व्यवस्थाएं करने के बाद बच्चों को यहां वापस लाया गया था। अब एक और बच्ची की मौत के बाद आश्रम में हडकंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं।
युगपुरुष आश्रम में पहले 11 बच्चों की मौत दूषित पानी से होना सामने आई थी। आश्रम में पानी की जांच के लिए गए चार में से तीन नमूने दूषित मिले थे। यहां का पानी पीने लायक ही नहीं था। पानी के अंदर ई-कोली बैक्टीरिया मिला था। इसके साथ ही बीमार बच्चों में हैजे की पुष्टि भी हुई थी।
आश्रम में जांच के दौरान कई जगह सफाई नहीं मिली थी। जिसके बाद आश्रम को बंद करके यहां पर सफाई की गई और पानी की टंकियों को भी साफ किया गया था। इस दौरान यहां के बच्चों को शहर के ही दूसरे आश्रम में शिफ्ट किया गया था।
आश्रम की संचालिका अनिता शर्मा ने बताया कि बच्ची बचपन से ही मानसिक रूप से दिव्यांग थी। साथ ही उसे मिर्गी की बीमारी थी। बाल कल्याण समिति होशंगाबाद द्वारा 2022 में उसे आश्रम में लाया गया था। इंदौर जिला अस्पताल में उसका नियमित इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उसकी हालत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मल्हारगंज पुलिस ने बाल कल्याण समिति होशंगाबाद को सूचना दी और पोस्टमॉर्टम करवाया। अभी पीएम रिपोर्ट नहीं मिली है। अंतिम संस्कार इंदौर में ही किया गया।

 

Next Post

12 नंबर के तीनो एमआईजी ब्लॉक को दिसंबर में दिया जायेगा हैंडओवर, प्रोजेक्ट को अगले वर्ष मई तक पूरा करने का किया गया वादा, नगर निगम व हितग्राहियों के बीच हुई बैठक

भोपाल। राजधानी में हाउसिंग के अधूरे प्रोजेक्ट को लेकर शुक्रवार भी नगर निगम और हितग्राहियों के बीच बैठक हुई। इस दौरान निगम अधिकारियो ने 12 नंबर के तीनों एमआईजी ब्लॉक दिसंबर तक हैंडओवर करने की बात कही। वहीं, प्रोजेक्ट को अगले साल मई तक पूरा करने का वादा किया। गौरतलब […]