धार। जिले के कातरखेड़ा में नर्मदा नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 8 बजे छोटे भाई को नर्मदा में डूबता देख बड़े भाई ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों ही डूब गए।
दोनों भाई अपनी दादी के अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में डही आकर रिश्तेदारों के साथ कातरखेड़ा नर्मदा नदी पहुंचे थे। ऊपरी बांधों से पानी छोड़े जाने और बारिश के कारण नर्मदा में जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर था।
बताया गया कि आकाश (13) पिता मुकेश सस्त्या और हिमेश (19) पिता मुकेश सस्त्या अपनी दादी वाकली बाई के अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में अपनी माता के साथ डही आए हुए थे। दोनों भाई अपने 10-12 रिश्तेदारों के साथ बुधवार सुबह 8 बजे नर्मदा तट कातरखेड़ा पहुंचे थे।
अस्थि विसर्जन और मुंडन संस्कार के दौरान आकाश गहरे पानी में नहाने चला गया। इस बीच वह डूबने लगा तो उसे बचाने उसका बड़ा भाई हिमेश भी नर्मदा में कूद गया। लेकिन दोनों ही सगे भाई गहरे पानी में डूब गए। दादा कालू सिंह ने दोनों को बचाने का बहुत प्रयास किया। उसके बाद मौजूद परिजनों ने शवों को बाहर निकाला। सुबह 9 बजे बाद दोनों भाई को डही अस्पताल लाया गया।
बीएमओ डॉ. विजय अहीरवाल ने बताया कि दोनों भाई को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जिसके बाद दोनों भाइयों का दोपहर 12:30 बजे तक पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंपे गए।


