उमरिया। जिले के अमरपुर स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम ने जोखिम लेकर अकेले अपने दम पर एक महिला की तीन बच्चियों की डिलीवरी करवा दी। अब पूरे जिले भर में एएनएम की तारीफ हो रही है और लोग कर रहे हैं कि यदि मन में सेवा भावना और कर्तव्यों के प्रति समर्पण हो, तो साधन की कमी आड़े नहीं आ सकती।
जानकारी के मुताबिक जिले के अमरपुर स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एएनएम अभिलाषा सिंह रोज की तरह सुबह 8 बजे से अपनी ड्यूटी पर थीं। उनके साथ महज एक स्वीपर ही मौजूद थी, जो दिन में खाना-खाने अपने घर चली गई।
बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही अभिलाषा को एंबुलेंस चालक ने एक क्रिटिकल केस आने की जानकारी दी, तो वे भोजन का ख्याल छोड़ कर अकेले ही डिलीवरी की तैयारी में जुट गई।
दोपहर करीब 2.30 बजे पर उर्मिला पति गोकुल बर्मन (30) निवासी ग्राम पड़वार को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
एएनएम ने तत्काल आवश्यक दवाएं दीं। थोड़ी ही देर में उर्मिला को 3.27 बजे पहली डिलीवरी हो गई। महिला ने इसके कुछ ही मिनट बाद 3.30 बजे दूसरी और 3.56 पर तीसरी कन्या शिशु को जन्म दे दिया।
अपनी सूझबूझ से तीन सफल डिलीवरी कराने के बाद एएनएम अभिलाषा सिंह ने चिकित्सक डॉ. शिव प्रजापति को सूचना दी, तो वे केंद्र पहुंच गए।
बिना किसी साधन और स्टाफ के एएनएम द्वारा तीन बच्चियों की डिलीवरी तो करा दी गई, पर सुविधाओं की कमी के चलते अमरपुर स्वास्थ्य केंद्र में जच्चा-बच्चा को रखना सही नहीं था। ऐसे मे डॉ. शिव प्रजापति ने आवश्यक उपचार के उपरांत उन्हे बरही अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
बताया गया है कि महिला की पहली बच्ची का वजन 2.5 तथा दूसरी का 2.3 किलो है जबकि तीसरी बच्ची महज 1.5 किलो की ही है। बहरहाल, माता और उनकी तीनों बच्चियां पूरी तरह स्वस्थ हैं।
अमरपुर स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम अभिलाषा ने मौके की नजाकत को देखते हुए पूरी निष्ठा और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। यही वजह है कि प्रसूता और शिशुओं को नव जीवन मिल सका। उनके इस कार्य की जिले भर मे प्रशंसा हो रही है।


