गुना। म्याना थानांतर्गत ऊमरी चौकी पुलिस क्षेत्र के खैरीखता नानीपुरा गांव के पास सिरसी से गुना आ रही यात्री बस शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अगला टायर फटने से पलट गई।
इस हादसे में 13 यात्री घायल हो हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है।
सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बस क्रमांक एमपी 09 एफए 1766 सिरसी से यात्रियों को लेकर गुना आ रही थी। बस में लगभग 20 यात्री बैठे थे।
बस दोपहर 12 बजे ऊमरी चौकी क्षेत्र के खैरीखता नानीपुरा गांव के समीप पहुंची थी कि अचानक उसका अगला टायर फट गया। इससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वह खेतों में पलट गई।
घायलों में करण पिता विष्णु सहरिया(40) निवासी नयागांव, श्रुति पति आलोक वामन्या(45) निवासी मुसेरी, अफसाना पति शाविद खान(40) निवासी मारकीमहू, गुड्डीबाई पति कमलसिंह पटेलिया(31) निवासी मुसेरी आदि शामिल हैं।
इधर, सूचना मिलते ही ऊमरी चौकी पुलिस घटनास्थल पहुंची और ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि चार यात्रियों की हालत गंभीर है। सभी का उपचार जारी हैं।

