उज्जैन के दोहरे हत्याकांड प्रकरण में चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी के लिए घर में घुसे थे, पति-पत्नी ने देखा तो मार डाला

उज्जैन। जिले के नरवर थानांतर्गत के ग्राम पिपलौदा द्वारकाधीश गांव में बीजेपी नेता व पूर्व सरपंच तथा उनकी पत्नी की हत्या के मामले का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया।
गांव के ही दो युवकों ने हत्या की थी। एक युवक व एक नाबालिग घर के बाहर ही रेकी कर रहे थे। आरोपी घर में शाम छह बजे से ही घुस गए थे।
रात करीब 12 बजे खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे और सामान खंगाल रहे थे। आवाज सुनकर महिला व पति जाग गए तो आरोपियों ने पहचाने जाने के डर से चाकू व सब्बल से हमला कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। महिला ने काफी देर तक संघर्ष किया और एक आरोपी को दांतों से काट भी लिया था। जिसके बाद महिला का गला रेत दिया। आरोपी घर से मात्र दो हजार रुपये व चांदी के जेवर चुरा ले गए थे। जबकि तिजोरी में 18 लाख रुपये व जेवरात नहीं ले जा पाए।
पुलिस ने तीन युवकों व एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि नरवर थाना क्षेत्र के पिपलोदा द्वारकाधीश गांव में रहने वाले पूर्व सरपंच तथा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामनिवास कुमावत और उनकी पत्नी मुन्नी कुमावत की शुक्रवार रात उनके घर में घुसकर धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी। रामनिवास कुमावत का साला सुरेश गांव में रहता है और खेती तथा दूध का कामकाज संभालता है। शनिवार सुबह करीब 6 बजे उसने काफी देर तक जीजा को फोन किया तो उन्होंने उठाया नहीं, इस पर वह घर पहुंच गया था। इस दौरान दूध निकालने वाला कर्मचारी रमेश भी पहुंच गया था।
सुरेश घर की बाउंड्री का दरवाजा फांदकर मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा था। अंदर किचन में बहन मुन्नीबाई खून से लथपथ पड़ी थी, वहीं कमरे में जीजा भी मृत अवस्था में पड़े थे। पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। खिड़की की ग्रिल भी कटी हुई थी।
मंगलवार को पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में मंगलवार को अल्फेज पिता लियाकत शाह (19) व आरिफ पिता मक्कू उर्फ मेहरबान शाह (22) व विशाल पिता मिश्रीलाल बागवान तीनों निवासी पिपलोदा द्वारकाधीश व एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि दो आरोपी अल्फेज व आरिफ शाम छह बजे घर के समीप बने बाड़े में जाकर छुप गए थे। बाहर उनका दोस्त विशाल पिता मिश्रीलाल बागवान निवासी पिपलोदा द्वारकाधीश व एक नाबालिग रेकी कर रहा था। अल्फेज व आरिफ ने रात को रामनिवास कुमावत के यहां काम करने वाले कर्मचारियों के जाने का इंतजार किया। रात दस बजे दोनों आरोपी सब लोगों के जाने के बाद घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। मगर रामनिवास कुमावत व उनकी पत्नी के जागे होने के कारण वापस बाड़े में जाकर छुप गए। रात करीब 12 बजे दोनों फिर बाहर निकले और खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर चले गए।
घर में खटपट की आवाज सुनकर रामनिवास कुमावत व उनकी पत्नी मुन्नीबाई जाग गए थे। आरोपियों ने पहचाने जाने के डर से ताबड़तोड़ चाकू व सब्बल से वार कर रामनिवास कुमावत को मौत के घाट उतार दिया। मुन्नीबाई ने आरोपियों से काफी देर संघर्ष किया था। महिला ने अल्फेज का हाथ पकड़ लिया था। जिसे वह छोड़ नहीं रही थी। इस दौरान महिला ने अल्फेज को दांतों से काट भी लिया था। जिसके कारण आरोपियों ने उनका गला रेत दिया और ताबड़तोड़ वार कर उसकी भी हत्या कर दी।
उज्जैन पुलिस ने वारदात के दौरान गांव में चलने वाले मोबाइलों का पीएसटीएन डाटा निकाला था। जिसके आधार पर ही वारदात के दौरान गांव में चलने वाले मोबाइलों की डिटेेल मिली थी। घर के अंदर अल्फेज व आरिफ की बार-बार विशाल व नाबालिग से बात हो रही थी। मोबाइल की काल डिटेेल के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पर्दाफाश हो गया।

 

Next Post

सरवटे बस स्टैंड पर मिला बम, यात्रियों में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचा बम स्क्वाड

इंदौर। शहर के सरवटे बस स्टैंड पर मंगलवार दोपहर अचानक लावारिस बैग में बम होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची बम स्क्वाड टीम ने पहले यात्रियों और कर्मचारियों को परिसर से दूर किया। इसके बाद बम खोजकर उसे एंटी बम टैंक में रखकर रवाना हो […]