अशोकनगर। एक व्यापारी से 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अशोकनगर पुलिस ने बॉक्सर गैंग के दो मददगारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अंतरराष्ट्रीय शूटर हैरी बॉक्सर और ऋतिक बॉक्सर गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई और कई राज्यों में पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई की।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने अलग-अलग राज्यों में दबिश दी। करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान गोवा में एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर सामने आई। जांच में उस व्यक्ति की पहचान बॉक्सर गैंग के सदस्य प्रदीप शुक्ला के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार शहर के एक व्यापारी को व्हाट्सएप कॉल, वीडियो कॉल और वॉइस नोट के माध्यम से धमकी दी गई थी।
कॉल करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। धमकी देने वाले ने व्यापारी से 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी और रकम नहीं देने पर व्यापारी व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस की टीमें जयपुर, जैसलमेर, इंदौर, गोवा और राजस्थान के अन्य शहरों तक पहुंचीं। इस दौरान कई लोगों से पूछताछ भी की गई।
जांच में सामने आया कि भिंड जिले के कचनाव कलां निवासी पवन शर्मा ने गैंग सदस्य प्रदीप शुक्ला के कहने पर कुछ समय पहले पकड़े गए आरोपी मनीष जांगिड़ को 40 हजार रुपए दिए थे।
पुलिस के अनुसार पवन शर्मा पहले भी ग्वालियर में हुई फायरिंग की एक घटना में प्रदीप शुक्ला के साथ शामिल रह चुका है।
पूछताछ में दिनेश सुथार ने बताया कि उसने गैंग के सदस्य दुर्गेश सोनी के कहने पर यह रकम भेजी थी। पुलिस ने जांच में गैंग की गतिविधियों के लिए भेजे गए करीब 65 हजार रुपए के अन्य ट्रांजेक्शन भी चिन्हित किए हैं।
इस पूरे मामले में गैंग का सक्रिय सदस्य प्रदीप शुक्ला अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि ऋतिक बॉक्सर फिलहाल राजस्थान की जेल में बंद है। उसे पूछताछ के लिए अशोकनगर लाने की अनुमति मिल गई है।


